संवाददाता || दीपक देवदास || बालोद
गुरुर। क्षेत्र के ग्राम परसुली में कृषि कार्य के लिए खींचा गया विद्युत तार अत्यधिक नीचे झुक जाने से गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है। बताया जा रहा है कि यह तार जमीन से महज लगभग 5 फीट की ऊंचाई पर झूल रहा है, जो किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, किसान गैंद राम सिन्हा के खेत में लगे इस तार की स्थिति पिछले कई वर्षों से खराब है। किसान ने बताया कि वह पिछले 3 वर्षों से लगातार विद्युत विभाग कार्यालय पलारी में आवेदन देकर तार की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
किसान गैंद राम ने बताया कि झुके हुए तार के कारण उन्हें कृषि कार्य करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिस स्थान पर तार झुका हुआ है, वहां धान की खेती भी नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने यह भी बताया कि विभाग के जेई और लाइनमैन लोकेश साहू को कई बार मौखिक रूप से भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। विभाग की इस लापरवाही से किसान हताश हैं और किसी बड़ी घटना की आशंका जता रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

