कुर्मी भवन शिकारीपारा से सुबह 10 बजे होगा शुभारंभ, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने क्षेत्रवासियों, युवाओं एवं नागरिकों से की शामिल होने की अपील
गुरुर। । लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा 17 नवंबर 2026, मंगलवार को बालोद में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पदयात्रा को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने जिले के समस्त क्षेत्रवासियों, युवाओं, मातृशक्ति एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा का शुभारंभ प्रातः 10 बजे कुर्मी भवन, शिकारीपारा बालोद से होगा। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता तथा राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने अपने आमंत्रण संदेश में कहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपने परिवारजनों और साथियों के साथ पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।
पदयात्रा के माध्यम से आयोजक लोकतंत्र एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। भाजपा जिला बालोद ने सभी नागरिकों से निर्धारित समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाने की अपील की है।
