बृजभूषण के सपा जाने की अटकलों पर बीजेपी का जवाब, राकेश त्रिपाठी बोले- ‘अंदरूनी मामला’
उत्तर प्रदेश की सियासत में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। महिला पहलवानों से जुड़े मामले में आरोपों से बरी होने के बाद दिए गए उनके एक बयान ने यूपी की राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। उनके समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलों के बीच अब बीजेपी की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है।
बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित पार्टी है और पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता नेतृत्व के फैसलों और नीतियों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
‘बृजभूषण मुखर नेता हैं, अपनी बात रखते हैं’
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह पहले समाजवादी पार्टी में रह चुके हैं और इसके बाद बीजेपी में आए थे। फिलहाल वह बीजेपी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह के दोनों बेटे भी राजनीति में सक्रिय हैं। इनमें एक बीजेपी विधायक और दूसरा सांसद है।
बीजेपी प्रवक्ता ने बृजभूषण शरण सिंह को मुखर नेता बताते हुए कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हैं। उन्होंने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह ने किसी मुद्दे पर क्या कहा और समाजवादी पार्टी उस पर क्या प्रतिक्रिया देती है, यह सपा का अंदरूनी मामला है।
क्या बोले थे बृजभूषण शरण सिंह?
दरअसल, एबीपी न्यूज को दिए इंटरव्यू में बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों से जुड़े मामले और उस दौरान राजनीतिक दलों की भूमिका को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जब उनके खिलाफ महिला पहलवानों से जुड़ा मामला सामने आया, तब समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और बिहार की राष्ट्रीय जनता दल उनके विरोध में खड़ी नहीं हुईं।
बृजभूषण के इसी बयान के बाद उनके सपा में जाने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया। समाजवादी पार्टी की ओर से आई प्रतिक्रिया ने भी इस राजनीतिक चर्चा को और हवा दे दी है।
फिलहाल बीजेपी ने साफ किया है कि बृजभूषण शरण सिंह बीजेपी के साथ हैं, जबकि उनके बयानों पर सपा की प्रतिक्रिया को पार्टी का अंदरूनी मामला बताया गया है।

