Headlines

तेजस्वी के नेतृत्व में CM बनेंगे निशांत! अभय कुशवाहा का बड़ा बयान

एंकर स्क्रिप्ट

बिहार की सियासत में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक उलटफेर होने के संकेत मिलने लगे हैं। नीतीश कुमार की आरजेडी में वापसी को लेकर अब खुलकर बयानबाजी शुरू हो गई है। और तो और, आरजेडी सांसद ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने तक की बात कह दी है।

औरंगाबाद से आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा ने गया में बयान देते हुए कहा कि अगर नीतीश कुमार दोबारा साथ आना चाहते हैं, तो आरजेडी उनका स्वागत करेगी। उन्होंने कहा कि रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को चाचा कहा है, तो इसमें गलत क्या है?

लेकिन सबसे बड़ा बयान तब आया, जब अभय कुशवाहा ने कहा कि अगर नीतीश कुमार आरजेडी के साथ आते हैं, तो तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने पर भी विचार किया जा सकता है।

सांसद ने इसके पीछे लालू प्रसाद यादव की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि लालू यादव ने हमेशा दूसरे नेताओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का जिक्र करते हुए कहा कि जब उनके पास कुछ नहीं था, तब लालू यादव ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।

वहीं, छठ पर्व को लेकर मुंबई में हो रही बयानबाजी पर भी अभय कुशवाहा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छठ लोक आस्था का महापर्व है और इसे लेकर विवादित बयान देना ठीक नहीं है। देश में भाषा, क्षेत्र और राज्यों के नाम पर भेदभाव की राजनीति नहीं होनी चाहिए।

आरजेडी के वोट शेयर पर बात करते हुए उन्होंने बीजेपी पर भी निशाना साधा। अभय कुशवाहा ने कहा कि भले ही आरजेडी को विधानसभा चुनाव में 25 सीटें मिली हों, लेकिन बिहार में सबसे ज्यादा वोट उनकी पार्टी को मिले हैं।

इतना ही नहीं, सांसद ने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा कर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव का माहौल बन रहा है और 2029 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

अब सवाल यह है कि क्या नीतीश कुमार की आरजेडी में वापसी की कोई नई राजनीतिक पटकथा तैयार हो रही है? क्या तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव बिहार की राजनीति में कोई नया समीकरण खड़ा कर सकता है? फिलहाल ये अभय कुशवाहा के राजनीतिक बयान हैं, लेकिन इन बयानों ने बिहार की सियासत में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *