एंकर स्क्रिप्ट
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी से सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हैं, लेकिन इसी बीच कांग्रेस की 181 विधानसभा सीटों की लिस्ट ने यूपी की राजनीति में हलचल मचा दी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कांग्रेस ने अखिलेश यादव से कौन-कौन सी सीटें मांगी हैं? और क्या समाजवादी पार्टी अपने जीते हुए विधायकों की सीटें कांग्रेस को देने के लिए तैयार होगी?
दरअसल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से तैयार 181 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी गई है। इस सूची में पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड, अवध और पूर्वांचल तक की विधानसभा सीटें शामिल हैं।
खास बात यह है कि कांग्रेस की इस लिस्ट में 19 ऐसी सीटें बताई जा रही हैं, जिन पर 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। यानी कांग्रेस की नजर सिर्फ अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन पर ही नहीं, बल्कि सपा के कब्जे वाली सीटों पर भी है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जैसे जिलों की कई सीटों को अपनी सूची में शामिल किया है। इनमें बीजेपी और आरएलडी के कब्जे वाली सीटें भी हैं।
वहीं, ब्रज और रुहेलखंड में आगरा, मथुरा, बदायूं, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर की सीटों पर भी कांग्रेस ने दावेदारी पेश की है।
अब बात अवध की करें तो रायबरेली और अमेठी जैसे कांग्रेस के पारंपरिक राजनीतिक क्षेत्रों को इस सूची में खास जगह दी गई है। लखनऊ, बाराबंकी और सुल्तानपुर की कई सीटें भी कांग्रेस की संभावित दावेदारी में शामिल हैं।
बुंदेलखंड में झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा और हमीरपुर की सीटों पर भी कांग्रेस की नजर है।
लेकिन सबसे दिलचस्प तस्वीर पूर्वांचल में दिखाई दे रही है। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और बलिया की कई विधानसभा सीटें कांग्रेस की सूची में शामिल हैं।
यानी कांग्रेस पूर्वांचल में भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी में है।
अब जरा 2022 के चुनावी आंकड़ों पर नजर डालिए। उस चुनाव में बीजेपी ने 255 और समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें मिली थीं। ऐसे में कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की दावेदारी ने गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, कांग्रेस की इस सूची में शामिल सभी सीटों पर अंतिम सहमति बनना अभी बाकी है। इसे संभावित चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
अब देखने वाली बात होगी कि अखिलेश यादव कांग्रेस की इस मांग पर क्या रुख अपनाते हैं? क्या सपा कांग्रेस को 181 सीटें देने के लिए तैयार होगी या फिर गठबंधन में सीटों को लेकर नई खींचतान देखने को मिलेगी?
फिलहाल यूपी चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस की 181 सीटों वाली इस लिस्ट ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
