आकाश आनंद के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, कहा- कानून व्यवस्था समझने के लिए और पढ़ें
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद द्वारा योगी सरकार की कानून-व्यवस्था पर उठाए गए सवालों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने उनके आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि आकाश आनंद को प्रदेश की राजनीति और कानून-व्यवस्था को समझने के लिए अभी और पढ़ने-समझने की जरूरत है।
बीजेपी प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और यही वजह है कि जनता ने लगातार दो बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाई है। उन्होंने दावा किया कि जनता तीसरी बार भी भाजपा को सत्ता सौंपने के लिए तैयार है।
हाथरस की जनसभा में साधा था निशाना
दरअसल, आकाश आनंद ने हाथरस में आयोजित जनसभा के दौरान योगी सरकार पर एनकाउंटर और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा था।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आलोक अवस्थी ने कहा कि योगी सरकार का मूल मंत्र सुशासन और कानून का राज है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौर में अपराध और माफिया का बोलबाला था, लेकिन भाजपा सरकार ने संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर अपराधियों के हौसले पस्त किए हैं।
निवेश और रोजगार का भी किया जिक्र
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश में देश-विदेश की कंपनियां निवेश कर रही हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और प्रदेश तेजी से आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहा है।

