यूपी चुनाव से पहले सपा के दो बागी विधायक अमित शाह से मिले, बीजेपी में जाने की अटकलें तेज
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। अयोध्या की गोसाईगंज सीट से सपा के बागी विधायक अभय सिंह और अमेठी की गौरीगंज सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, यह मुलाकात चुनावी रणनीति और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर अहम मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों विधायक बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।
दोनों नेताओं ने इस मुलाकात को आत्मीय और शिष्टाचार भेंट बताया है। गौरतलब है कि साल 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान अभय सिंह और राकेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ जाकर बीजेपी के पक्ष में मतदान किया था। इसके बाद से ही उनके बीजेपी नेतृत्व के साथ संपर्क की चर्चाएं लगातार होती रही हैं।
अभय सिंह ने फेसबुक पर साझा की तस्वीर
अभय सिंह ने अमित शाह के साथ मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि उन्हें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से आत्मीय मुलाकात का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अमित शाह की कार्यशैली, संगठन क्षमता, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।
राकेश प्रताप सिंह ने भी जताया आभार
वहीं राकेश प्रताप सिंह ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि नई दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने अमित शाह का समय देने और स्नेहपूर्ण मुलाकात के लिए आभार भी व्यक्त किया।
फिलहाल इस मुलाकात ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की अटकलों को हवा दे दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या ये दोनों विधायक औपचारिक रूप से बीजेपी का दामन थामेंगे या फिर यह मुलाकात केवल राजनीतिक शिष्टाचार तक सीमित रहेगी।

